CG Monsoon Update: अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से सावन की शुरुआत से पहले ही राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में जोरदार मानसूनी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज से रायपुर सहित कई जिलों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है।

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश बचेली और रायपुर में

बीते 24 घंटों के दौरान दंतेवाड़ा जिले के बचेली में 20 सेंटीमीटर और रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। बस्तर, रायपुर, मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

रायपुर में जुलाई का नया बारिश रिकॉर्ड

इस वर्ष जुलाई महीने में रायपुर जिले ने बारिश का नया रिकॉर्ड बनाया है। जिले में अब तक 59 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक औसतन 59 सेंटीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम बताई गई है।

आगे कमजोर पड़ेगा मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे अंदरूनी ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना जताई गई है।

इन क्षेत्रों में आज भी भारी बारिश के आसार

आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की संभावना अधिक बनी हुई है।

रायपुर का स्थानीय मौसम पूर्वानुमान

30 जुलाई को रायपुर में दिनभर आकाश मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel