Raipur Fire News: रायपुर में भीषण अग्निकांड, हार्डवेयर दुकान से उठीं लपटों ने चार दुकानों को लिया चपेट में

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले एक हार्डवेयर दुकान में लगी और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ऑक्टोपस बार सहित आसपास की चार दुकानों तक फैल गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियों को मौके पर पहुंचना पड़ा, लेकिन सुबह तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। घटनास्थल से लगातार धुआं उठता रहा।

New Delhi Hotel Fire Kills at Least 21 People, Officials Say

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे की है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

तेलीबांधा थाना प्रभारी (टीआई) अजय झा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग हार्डवेयर दुकान से शुरू होना सामने आया है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में कई घंटे लग गए।

इस अग्निकांड में ऑक्टोपस बार समेत कम से कम तीन अन्य दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। नुकसान का सही आकलन फिलहाल नहीं हो सका है।

घटना के दौरान पास स्थित एक होटल भी आग की चपेट में आ गया। होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। होटल में ठहरे कई लोग केवल अपनी जान बचाकर बाहर निकल सके।

भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि उन्हें रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे जिस हालत में थे, उसी स्थिति में घटनास्थल पर पहुंच गए। लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे।

फिलहाल दमकल विभाग की टीम पूरी तरह आग बुझाने और कूलिंग ऑपरेशन में लगी हुई है। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel