रायपुर। छत्तीसगढ़ में मलेरिया से हुई तीन मौतों के बाद सरकार ने स्थिति को गंभीरता से स्वीकार करते हुए रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और सरकार का लक्ष्य है कि अब मलेरिया से एक भी मौत न हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिन क्षेत्रों में मलेरिया के मामले सामने आए हैं, वहां विशेष अभियान चलाया जा रहा है। घर-घर सर्वे, जांच, समय पर दवा वितरण, मच्छर नियंत्रण और जागरूकता कार्यक्रमों को तेज किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि तीन मौतों की घटना दुखद है और सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं, ताकि मरीजों की जल्द पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मंत्री ने भरोसा जताया कि सभी विभागों के समन्वय से मलेरिया नियंत्रण अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार उपचार लें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, मच्छरदानी का उपयोग करना चाहिए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




