रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए झांसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए शुक्रवार को उन्हें झांसी से दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से किरण सिंह देव के उपचार और स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने की बात कही और विशेषज्ञ चिकित्सकों से बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने किरण सिंह देव के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन से उपचार की प्रगति और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पर भी चर्चा की।
प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक किरण सिंह देव के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार अपडेट लिए जा रहे हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




