CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर जारी, रायपुर-दुर्ग समेत 8 जिलों में रेड अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार दूसरे दिन भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है और कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है। भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत आठ जिलों में तेज आंधी, बिजली चमकने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद में अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने अंबिकापुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव सहित 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। वहीं बस्तर संभाग के नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

बारिश के चलते कई शहरी क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने भी संबंधित जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel