Chhattisgarh Rain Alert: बिलासपुर-जांजगीर में बाढ़ जैसे हालात, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी संसाधन बिना किसी देरी के उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही जलनिकासी की व्यवस्था में तेजी लाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...