दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर गुरुवार सुबह हुआ एक भीषण सड़क हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया। कुम्हारी के पास सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलिंडर से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार स्कूटी पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी पर सवार दो सगी बहनों और उनकी दो मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।
गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान भिलाई-3 के सोमनी निवासी 28 वर्षीय अमृता निर्मलकर, उनकी 26 वर्षीय बहन लक्ष्मी निर्मलकर, अमृता की 7 वर्षीय बेटी याचना और लक्ष्मी की 4 वर्षीय बेटी डाली के रूप में हुई है। अमृता का 8 वर्षीय बेटा भावेश गंभीर रूप से घायल है।बताया गया कि सभी लोग रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के नए घर में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक ही स्कूटी से रवाना हुए थे। सुबह करीब 9:45 बजे कुम्हारी में दशमेश ढाबे के सामने उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि चार लोगों की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी की रफ्तार तेज थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में ऑक्सीजन सिलिंडर लदे हुए थे और वह हाईवे किनारे खड़ी थी। पीछे से हुई जोरदार भिडंत में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल बालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क किया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

ट्रैक्टर चालक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पति ने बताया, कुछ देर पहले ही हुई थी बात
मृतका अमृता के पति लोकेश निर्मलकर ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी ने फोन कर मामा के घर गृह प्रवेश में जाने की जानकारी दी थी। कुछ देर बाद उनकी बहन लक्ष्मी भी अपनी बेटी के साथ पहुंची और सभी एक साथ रायपुर के लिए निकल गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद इतनी बड़ी दुर्घटना की खबर मिलेगी।
छह महीने में जिले में 759 सड़क हादसे
दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। जनवरी से जून 2026 के बीच जिले में 759 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इन दुर्घटनाओं में 611 लोग घायल हुए, जबकि 143 लोगों की जान चली गई।पिछले वर्ष इसी अवधि में 692 सड़क हादसों में 204 लोगों की मौत हुई थी। वहीं वर्ष 2024 में 656 दुर्घटनाओं में 197 लोगों ने जान गंवाई थी। आंकड़े बताते हैं कि हादसों की संख्या लगातार बनी हुई है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





