रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या उसके प्रेमी ने चरित्र पर संदेह के चलते की थी। आरोपी ने पहले दुपट्टे से युवती का गला घोंटा, फिर उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में सिर डुबो दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। शव के गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19 वर्ष) निवासी सिया रेसीडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से पता चला कि पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा गया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई। इसके बाद आरोपी ने उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया ताकि उसकी मौत सुनिश्चित हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पूछताछ के दौरान मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23 वर्ष) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर की गई सख्त पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे थे, लेकिन बाद में युवती अलग रहने लगी। इसी बात को लेकर आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की शाम नंदिनी सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में आरोपी से मिलने पहुंची थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने अन्य युवकों से संबंध होने को लेकर सवाल किया। युवती द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पहले उसका मुंह दुपट्टे से बंद किया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया और पानी से भरे खेत में सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
रायपुर पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





