Raipur Crime: रायपुर में बीएड छात्रा की हत्या, लिव-इन पार्टनर ने गला दबाकर उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक बीएड छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे युवक ने मारपीट के बाद छात्रा का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

मृतका की पहचान भारती नेताम के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सावंत बघेल, जो कोंडागांव का निवासी और डीएलएड का छात्र है, पिछले छह से सात महीनों से भारती के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में बोरियाकला में रह रहा था।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, आरोपी अक्सर मृतका के चरित्र पर संदेह करता था और उसे प्रताड़ित करता था। मृतका की बहन ने बताया कि 4 अगस्त की रात भारती ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह वापस अपने गांव लौटना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए तत्काल 3,000 रुपये ऑनलाइन भेजे, लेकिन गांव लौटने से पहले ही यह वारदात हो गई।

Youth died under suspicious circumstances, family members said it was murder

जब परिजन 5 अगस्त को मेकाहारा पहुंचे तो भारती का शव स्टेचर पर मिला। परिजनों ने बताया कि उसके चेहरे, बाईं आंख के पास, कनपटी और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण की पुष्टि होगी।

मृतका के परिजनों की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने अस्पताल से फरार हुए आरोपी सावंत बघेल को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...