कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया में तेज बारिश के बीच उफनते सांचर नाले को पार करने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। नाला पार करते समय 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार बाइक समेत तेज बहाव में बह गया। करीब 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। हादसे में उसका साथी बुधराम मंझवार समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार मंझवार अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ सोमवार को घरेलू काम से कोरबा शहर गया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के चलते गांव से करीब 3 किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था और पानी का बहाव बेहद तेज था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल ने बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। खतरा भांपते हुए पीछे बैठे बुधराम ने तुरंत बाइक से छलांग लगा दी और सुरक्षित किनारे पहुंच गया। वहीं राहुल बाइक समेत तेज बहाव में बह गया और कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सका। मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की तलाश के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नाले में फंसा मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




