छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में होने वाले फेक मैरिज पार्टी को लेकर जमकर बवाल मच गया है। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में 30 मई को फेक मैरिज पार्टी आयोजित की जाने वाली थी। आयोजन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग नाराज होकर रिसोर्ट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
माहौल बिगडऩे लगा था
मामले की सूचना मिलने पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस चल रही थी। माहौल धीरे-धीरे तनावपूर्ण होता जा रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार आयोजन को लेकर क्षेत्र में तनाव बढऩे और कानून-व्यवस्था बिगडऩे की आशंका थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

जेवरा सिरसा चौकी का घेराव किया
वहीं भिलाई नगर हिंदू युवा मंच ने भी मंगलवार को जेवरा सिरसा चौकी का घेराव कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। दरअसल, ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के आयोजन से हिंदू विवाह संस्कार का मजाक बनाया जा रहा है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
पार्टी में केवल कपल एंट्री रखी गई
धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में 30 मई, शनिवार की रात फेक मैरिज पार्टी आयोजित की जानी थी। इस पार्टी में केवल कपल एंट्री रखी गई थी और इसके लिए 499 रुपए एंट्री फीस तय की गई थी। आयोजन में शामिल होने वाले कपल्स को दूल्हा-दुल्हन के ड्रेस कोड में तैयार होकर पहुंचना था।
पार्टी के लिए डीजे नाइट समेत मनोरंजन की अलग-अलग तैयारियां की गई थीं। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने तेज गर्मी और मौसम का हवाला देते हुए फेक मैरिज पार्टी को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





